मुंबई इंडियंस की टीम को बीते दिन टूर्नामेंट में पहली जीत का स्वाद मिला। बता दें कि पहले तीन मुकाबलों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। दरअसल यह टीम शुरुआत से ही बिखरी हुई नजर आई थी। जब से हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) टीम के कप्तान बने हैं, तब से इस टीम का माहौल अच्छा नहीं रहा है। फैंस रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को कप्तानी से हटाए जाने के फैसले से काफी नाखुश हैं। सोशल मीडिया पर रोहित के एक नन्हे फैन का वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इसमें एक बच्चा MI टीम मैनेजमेंट को खास नसीहत दे रहा है।
Rohit Sharma के नन्हे फैन का वीडियो हुआ वायरल
रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के लिए जो कारनामा किया है, वह भुलाया नहीं जा सकता। इस खिलाड़ी ने अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को पांच आईपीएल टाइटल जिताए। हालांकि पिछले साल के आखिर में MI टीम मैनेजमेंट ने उन्हें इस दायित्व से मुक्त कर दिया। गुजरात टाइटंस से ट्रेड होकर आए हार्दिक पांड्या को यह जिम्मेदारी सौंप दी गई। इसपर सोशल मीडिया पर फैंस ने काफी बवाल किया था। वहीं टीम के कुछ खिलाड़ियों ने भी इसका विरोध किया था।
वहीं दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में मुंबई इंडियंस और रोहित शर्मा का एक नन्हा सपोर्टर क्रिकेट के गुर बांट रहा है। दरअसल उस बच्चे ने कहा कि “हार्दिक पांड्या को अपने स्ट्राइक रेट पर ध्यान देना चाहिए। उन्हें गेंदबाजी नहीं करनी चाहिए। जसप्रीत बुमराह को पहला ओवर देना चाहिए।” इसके अलावा उसने कहा कि रोहित इस टीम की जान है। उस फैन की ख्वाहिश है कि अगले साल MI को हार्दिक को रिलीज कर रोहित को रिटेन करे।
वीडियो:
मुंबई इंडियंस इस दिन खेलेगी अपना अगला मुकाबला
आईपीएल 2024 के प्वॉइंट्स टेबल में आठवें पायदान पर काबिज मुंबई इंडियंस के इस समय 4 मैचों में तीन हार और एक जीत समेत कुल 2 अंक है। उनका अगला मुकाबला अब 11 अप्रैल को होने वाला है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ उनकी टक्कर होने वाली है, जो 9वें पायदान पर मौजूद है। दोनों ही टीमें इस मैच को जीतकर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जीवित रखने को देखेंगी। जो भी टीम यह मैच हारेगी, उसके लिए अंतिम-4 की राहें और भी मुश्किल होती चली जाएंगी।